उड़ीसा से गोंडा जा रहा था गांजे का खेप, मीरजापुर में पकड़े गये
मीरजापुर, 22 मार्च । वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर रविवार को अहरौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से करीब सवा कुंतल गांजा बरामद किया। इस दौरान एक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार उड़ीसा से गोंडा की ओर गांजा लेकर जा रहे ब्रेजा कार और पिकअप को वाराणसी-शक्तिनगर रोड पर बनस्थली महाविद्यालय के पास स्थित अस्थायी टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर पहले से ही पुलिस टीम अलर्ट थी। जांच के दौरान ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली गई तो चालक बिनोद कुमार पांडेय निवासी बिमोरी, कोतवाली नगर गोंडा भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं पिकअप चालक चेकिंग देखकर पहले ही वाहन छोड़कर जंगल-पहाड़ की ओर फरार हो गया।
थाने लाकर दोनों वाहनों की तलाशी में ब्रेजा से 25 किलो और पिकअप से 90 किलो गांजा बरामद हुआ, कुल मिलाकर लगभग 1 कुंतल 15 किलो अवैध गांजा पुलिस के हाथ लगा। फरार चालक की पहचान सुधीस कुमार गुप्ता निवासी गौरीगंज, अमेठी के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।
थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।

