उत्तम नगर अग्निकांड के बाद अभाविप ने प्रशासन से की अग्नि सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग
नई दिल्ली, 19 मार्च । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में हुई आगजनी की घटना पर शोक व्यक्त किया। जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की दुखद मृत्यु हुई। अभाविप ने दिल्ली सरकार और संबंधित प्रशासन से मांग की कि राजधानी में विशेषकर संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि उत्तम नगर की यह हृदयविदारक घटना प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। दिल्ली की संकरी गलियों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि सभी क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से सेफ्टी ऑडिट कराया जाए और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय लागू किए जाएं। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की पहुंच, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की त्रासद घटनाओं को रोका जा सके।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में आज भी कई ऐसे स्थान है जो कि काफी संकरी गलियों में स्थित है ऐसे में दिल्ली के प्रत्येक इलाके में नियमित रूप से सुरक्षा जांच की व्यवस्था का अभाव है इसलिए सबसे जरुरी यह है कि आम जनता को भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। अभाविप सरकार से यह अपील करती है कि वह इस घटना से सबक लेते हुए पूरे शहर में ठोस और स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे, जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

