विशेष समुदाय के युवक पर मंदिर की भूमि पर कब्जा करने का आरोप, विहिप ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
उरई, 19 मार्च । कोंच तहसील क्षेत्र के कूंड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध मां सिंहवाहिनी मंदिर परिसर की भूमि पर कब्जा करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष साकेत शांडिल्य के नेतृत्व में गुरुवार काे एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कोंच ज्योति सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले की शिकायत की।
शांडिल्य ने बताया कि एक गैर समुदाय का व्यक्ति न केवल मंदिर परिसर की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया, बल्कि मंदिर की पवित्रता को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह व्यक्ति मंदिर परिसर के पास नमाज अदा करता है, जिससे स्थानीय हिंदू समुदाय में आक्रोश है।
विहिप पदाधिकारियों का यह भी कहना है कि आरोपित ने मंदिर परिसर में स्थित रीबोर नल पर अवैध रूप से समरसेबिल पंप लगवा दिया है। आरोप है कि इस नल के पानी का उपयोग वह निजी कार्यों के लिए कर रहा है, जबकि यह जलस्रोत मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों की सामूहिक संपत्ति है। इससे मंदिर प्रबंधन और स्थानीय निवासियों में रोष व्याप्त है।
विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में मांग की है कि मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए, रीबोर नल से लगाए गए अवैध पंप को हटवाया जाए। आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। संगठन ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए साफ किया है कि यदि इस अवधि में आरोपिताें के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो विहिप सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। एसडीएम ज्योति सिंह ने मामले की जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
————–

