राजस्थान के बाड़मेर में पारा 40 डिग्री पार, चार जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट
जयपुर, 10 मार्च । राजस्थान में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 10 और 11 मार्च को जैसलमेर, बाड़मेर समेत चार जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। बाड़मेर सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं पिलानी में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
दिनभर तेज धूप के बाद देर शाम तक गर्मी का असर बना रहा। यहां हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) का स्तर भी घटकर करीब 30 प्रतिशत रह गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में सामान्य से कम बारिश हुई, जिससे जमीन तेजी से गर्म हो रही है। पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर इस समय एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में प्रदेश के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।

