Rajasthan

अजयराज सिंह हत्याकांड: अंतिम आरोपित विनोद गुर्जर गिरफ्तार, फरार आरोपितों को शरण देने वाला मोनू जाट भी पकड़ा गया

चित्तौड़गढ़, 04 अप्रैल । उदयपुर-कोटा फोरलेन पर सेमलपुरा स्थित होटल में 1 जून 2025 को हुई चर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में अंतिम आरोपित विनोद गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं मुख्य आरोपितों को शरण देने वाले मोनू जाट को भी पुलिस ने दबोच लिया है। इस केस में अब तक कुल 32 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 15 आरोपित वारदात को अंजाम देने वाले और 17 आरोपित उन्हें शरण देने वाले शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एक जून 2025 की रात करीब 10:30 बजे सेमलपुरा चौराहे पर स्थित विकास होटल की छत पर अजयराज सिंह झाला अपने साथियों के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान मनोज चौधरी ने रेकी कर उनकी लोकेशन मुख्य आरोपित ईश्वरसिंह उर्फ हरिओम सिंह को दी थी। इसके बाद ईश्वर सिंह अपने करीब 15 साथियों के साथ तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंचा और अजयराज सिंह व उसके साथियों पर फायरिंग कर दी। इसमें अजयराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपितों ने मृतक की डस्टर और बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मामले में ओमप्रकाश शर्मा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपितों की धरपकड़ शुरू की गई। एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बृजेशसिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली प्रभारी तुलसीराम की टीम ने पहले ही मुख्य आरोपित ईश्वर सिंह, हर्षवर्धन सिंह और भैरूलाल गुर्जर सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। ताजा कार्रवाई में भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के कान्याखेड़ी गांव से विनोद गुर्जर को गिरफ्तार कर पीसी रिमांड पर लिया गया है। वहीं फरार आरोपितों को शरण देने वाले मोनू जाट को भी रुपाहेली से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और फरार अन्य सहयोगियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अधिकांश आरोपितों को पुलिस पकड़ चुकी है, जबकि शेष की तलाश जारी है।