राजगढ़ः नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार,अदालत ने भेजा जेल
राजगढ़, 09 अप्रैल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मलावर थाना पुलिस ने 13 वर्षीय बालिका से गंभीर अपराध करने वाले आरोपित को मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बालिका ने अपने परिवार के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वह 1 नवंबर को खेत के पास भैंस चराने के लिए गई थी, तभी गांव का अरुण उसे बहलाकर एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ अनुचित हरकत की। कुछ दिनों बाद उसने पीड़िता को धमकाते हुए दोबारा उसी प्रकार का कृत्य किया। भय और धमकी के कारण बालिका ने यह बात छुपाए रखी। बताया गया है कि रास्ते को लेकर दोनों परिवारों में हाल ही में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपित ने गांव के लोगों के सामने अपनी हरकतों का उल्लेख किया। यह बात पीड़िता के परिवार तक पहुंची, तो उसने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना बताई। मलावर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित के खिलाफ धारा 64, 64(2)(एम), 351(3) बीएनएस तथा 5एल/6 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित अरुण को पकड़ा और अदालत में पेश किया। न्यायालय ने आरोपित को जेल भेजने के आदेश दिए।

