हरदा : बोर में मोटर फंसने से गहराया जल संकट, ग्रामीण परेशान
हरदा, 10 अप्रैल । मध्य प्रदेश के हरदा जिले के खिरकिया जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवानपुरा के ग्राम बिचपुरी और बहाडारैयत में इन दिनों भीषण जल संकट बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को खेतों के बोर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत लाखों रुपये खर्च कर पानी की टंकी और पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। बिचपुरी में कराए गए बोर में लगी मोटर करीब छह माह से फंसी हुई है, जिसके कारण नल-जल योजना के तहत पानी की सप्लाई बंद पड़ी है।
पंचायत सचिव चिंताराम माणिक ने बताया कि बोर में मोटर फंस जाने के कारण सप्लाई प्रभावित है। नई मोटर खरीदी के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग से स्टीमेट मांगा गया है। स्टीमेट मिलने के बाद मोटर खरीदकर उसे डलवाया जाएगा, जिससे जल आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बिजली बिल बकाया होने के कारण सप्लाई पहले बंद हो गई थी, जिसे हाल ही में 92 हजार रुपये जमा कर फिर से चालू कराया गया है। वहीं, पंचायत में कर्मचारियों की कमी और एक से अधिक पंचायतों का प्रभार होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गंभीर हो गया है। हैंडपंप जलस्तर गिरने के कारण पानी के बजाय हवा दे रहे हैं और टंकी शोपीस बनी हुई है। छह माह से मोटर फंसी होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता बी.आर. उइके ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही दूसरी मोटर डालकर पानी सप्लाई शुरू कराने की व्यवस्था की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान किया जाए, अन्यथा वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

