Haryana

सिरसा: नशीली गोलियों सहित चार आरोपी गिरफ्तार

सिरसा, 10 अप्रैल । पुलिस ने मेडिकल नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गांव देसूजोधा क्षेत्र में गश्त पर थी। गांव के बाहरी क्षेत्र में तीन युवक खड़े थे जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें दबोच लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से नशे में प्रयुक्त होने वाली करीब 1250 गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। आरोपियों की पंहचान अवतार सिंह, जस्सी व सुरेंद्र के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने गांव सिंहपुरा क्षेत्र से हरदेव सिंह को करीब चार सौ गोलियों सहित दबोचा है। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा पंजाब की सीमा से सटे डबवाली को नशा मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। साथ ही मेडिकल एसोसिएशन एवं दवा विक्रताओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें पुलिस का सहयोग करने को कहा जा रहा है और बिना डाक्टरी सलाह व पर्ची के किसी को भी दवा न देने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके पुलिस ने गांव चौटाला क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर कंबाइन चालक को दस किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब निवासी एक व्यक्ति कंबाइन पर चूरापोस्त लेकर आ रहा है। पुलिस ने गांव चौटाला के निकट भारतमाला रोड पर नाकाबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान एक कंबाइन आई जिसे पुलिस ने तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान कंबाइन चालक पंजाब के मुक्तसर निवासी रवि कुमार के कब्जे से दस किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।

दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपी दबोचे

पुलिस ने सिरसा जिले के गांव ढूकड़ा में दंपती को बंधक बनाकर लूट वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जमाल पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि गांव ढुकड़ा निवासी गोपीराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शिकायत में गोपीराम ने बताया कि रात को तीन नकाबपोश युवक उसकी ढाणी में घुस आए। आरोपियों ने उसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा दोनों को कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर की तलाशी ली, लेकिन कोई कीमती सामान न मिलने पर उसकी पत्नी के कानों की बालियां और नाक का कोका छीन लिया। पुलिस ने जांच के दौरान घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को दीपक, मदन और जगदीप को गिरफ्तार कर लिया है।