बरेली में आई.आई.ए. यंग प्रेन्योर सेल की प्रेरक बैठक, युवाओं को उद्यमिता की नई दिशा
बरेली, 2 अप्रैल । युवा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यवसायिक चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम बनाने हेतु इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आई.आई.ए.) बरेली चैप्टर के अंतर्गत IIA Youngpreneur Cell की एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी बैठक बुधवार रात होटल कासा डिवाइन, बरेली में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कैप्टन धनंजय विक्रम सिंह ने की।
बैठक का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी ने किया। उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा उद्यमियों के लिए सही मार्गदर्शन और नेटवर्किंग का अवसर प्रदान करना IIA Youngpreneur Cell का मुख्य उद्देश्य है। बैठक का संचालन चैप्टर सचिव रजत मेहरोत्रा ने प्रभावी ढंग से किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित उद्योगपति गौरव मित्तल, मैनेजिंग डायरेक्टर, Aromatic & Allied Chemicals (LA Monk), सी.बी. गंज, बरेली रहे। मित्तल ने “How a Small City Entrepreneur Can Also Create Miracles” विषय पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छोटे शहरों के उद्यमियों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं को नवाचार, दृढ़ संकल्प, तकनीकी अपनाने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि युवा उद्यमी यदि नवाचार, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो छोटे शहरों से भी वैश्विक स्तर पर सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है।
बैठक में आई.आई.ए. बरेली चैप्टर के चेयरमैन मयूर धीरवानी ने युवाओं को उद्योग क्षेत्र में आगे बढ़ने, चुनौतियों को अवसर में बदलने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सचिव रजत मेहरोत्रा ने बताया कि IIA Youngpreneur Cell युवा उद्यमियों की उद्यमिता भावना को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि “सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन और दूरदर्शी सोच किसी भी उद्यम की वास्तविक ताकत होती है, जो उसे कठिन परिस्थितियों में भी स्थिर और सफल बनाए रखती है।” Co-Captain शार्दुल शंखधर ने कहा कि “युवा उद्यमियों के लिए सही मार्गदर्शन, मजबूत नेटवर्किंग और सकारात्मक सोच ही वह आधार है, जो उन्हें चुनौतियों के बीच भी सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाता है।”
IYC Treasurer गुरप्रीत सिंह ने कहा कि “वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और सही निवेश रणनीति ही किसी भी उद्यम को दीर्घकालिक सफलता और स्थिरता प्रदान करती है।”
बैठक के दौरान युवा उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार और अनुभव साझा किए। उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा ने युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल, राष्ट्रीय सचिव तनुज भसीन, CEC सदस्य विमल रिवाड़ी, डिवीजनल सचिव मनोज पंजाबी, सलिल बंसल, ऋषभ दीक्षित, शुभम गर्ग, सिमर जीत सिंह, षिवांग ग्रोवर, करण नेहालनी, ध्रुव खानिजों, सक्षम जैन, अंशुल जैन, रोहन अग्रवाल, सनी मेहरोत्रा सहित लगभग 80 उद्यमियों की उपस्थिति रही।
बैठक के समापन पर सभी ने युवा उद्यमियों को उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने और नवाचार की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम ने युवाओं में उद्यमिता के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास को नए आयाम प्रदान किया।

