नगरीय क्षेत्रों में बढ़ते अपराध व नशे पर डीएम सख्त, सत्यापन अभियान के निर्देश
देहरादून, 02 अप्रैल । जनपद के नगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं एवं नशे से संबंधित गतिविधियों पर गंभीर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सीडीओ, एसडीएम, डीटीडीओ एवं डीईओ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि टीम गठित कर जनपद में संचालित होमस्टे, होटल, वेडिंग प्वाइंट्स एवं अन्य आवासीय, व्यावसायिक इकाइयों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 1057 होमस्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 350 नगरीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी इकाइयों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य सरकार की होमस्टे गाइडलाइन के अनुरूप चेकलिस्ट तैयार कर सघन निरीक्षण करने तथा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि होमस्टे, होटल एवं वेडिंग प्वाइंट्स में ओकेजनल बार लाइसेंस जारी करने से पूर्व सभी मानकों की गहन जांच की जाए। बिना लाइसेंस या निर्धारित समयावधि के बाद मदिरा परोसने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए कि नियमों के उल्लंघन पर प्रकरण दर्ज कर न्यूनतम एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए तथा आवश्यकतानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को समन्वय के साथ सतत निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों या बिना लाइसेंस मदिरा परोसने की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

