शिमला में भाजपा कार्यालय में मनाई गई महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती
शिमला, 11 अप्रैल । शिमला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सांसद और प्रदेश महामंत्री डॉक्टर सिकंदर कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए कठिन परिस्थितियों में भी लगातार संघर्ष किया और शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे मजबूत माध्यम बनाया।
डॉक्टर सिकंदर कुमार ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में जब समाज में असमानता अधिक थी, तब उन्होंने वंचित वर्गों के लिए शिक्षा के द्वार खोलने का साहसिक काम किया। उनका यह प्रयास आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया और कहा कि दोनों ने मिलकर महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसका असर आज भी दिखाई देता है।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही हैं।
इस मौके पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को समाज तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता तथा समानता के उनके संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

