MP

महेश्वर में पिकअप वाहन ने बारातियों को रौंदा, एक महिला की मौत, दूल्हे समेत 24 बाराती घायल

खरगाेन, 10 अप्रैल । मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में शुक्रवार को शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने नाच रहे बारातियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूल्हे समेत करीब 24 लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात सजनीपुरा से बड़ीपुरा जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाराती सड़क पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आ रहे पिकअप वाहन के चालक ने अचानक संतुलन खो दिया। बताया जा रहा है कि चालक का पैर एक्सीलेटर पर दब गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर करीब 100 मीटर तक बारातियों को घसीटता चला गया।

हादसे के बाद पिकअप एक नीम के पेड़ से टकराकर पलट गया। इस दौरान वहां खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना में खरगोन निवासी 25 वर्षीय रेखा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं कई घायलों के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज महेश्वर और मंडलेश्वर के अस्पतालों में जारी है। हादसे में दूल्हा राकेश डाबर भी घायल हुआ है, जबकि उसकी बहन की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। प्रशासन ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और शादी का माहौल गम में बदल गया है।

इन घायलाें को महेश्वर से खरगोन भेजा

1 रामरती बाई पत्नी तोलाराम डावर (50 वर्ष)

2 परमानन्द पुत्र रेजु (25वर्ष)

3 सोमा बाई पत्नी कैलाश (55वर्ष)

4 ज्ञानचंद गोबरिया ओसारी (55वर्ष)

मंडलेश्वर अस्पताल में यह लोग भर्ती

1 बंशीलाल पुत्र राजाराम (45 वर्ष) गुजर मोहना

2 कलावती पुत्री राकेश (35 वर्ष) निवासी धानी

3 उर्मिला पुत्री रंजू (22 वर्ष) खार

4 रेखा पत्नी चंदेल (25 वर्ष) कुंदा

5 सलोनी पुत्री राजेश (14 वर्ष) आशापुर

6 अवंती पत्नी हरे सिंग (60 वर्ष) कच्चीकुआ

7 सरिता पत्नी बहादर (40 वर्ष) अवलिया