World

नेपाल के प्रधानमंत्री और मंत्रियों ने सरकार गठन के 17 दिन बाद सार्वजनिक की अपनी संपत्ति

काठमांडू, 13 अप्रैल । नेपाल में सरकार गठन के 17 दिन बाद प्रधानमंत्री और मंत्रियों ने अपनी संपत्ति विवरण सार्वजनिक कर दिए हैं। मंत्रियों ने अपनी संपत्ति में करोड़ों की नकद राशि, घर-जग्गा और शेयर में निवेश दर्शाया है। कुछ मंत्रियों ने बकरी, मुर्गी और कुत्ते तक को अपनी संपत्ति के रूप में उल्लेख किया है।

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के पास सबसे अधिक नकद और सोना पाया गया है, जबकि घर-जमीन के मामले में वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले आगे दिखे हैं। विदेश मंत्री शिशिर खनाल, गृह मंत्री सुदन गुरूंग और उद्योग मंत्री गौरीकुमारी यादव के पास भी पर्याप्त संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है।

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह

प्रधानमंत्री कार्यालय में जमा किए गए विवरण के अनुसार प्रधानमंत्री की आय का स्रोत सोशल मीडिया फेसबुक, यूट्यूब और टिकटॉक से आय अर्जित की है। बैंक में नकद 1 करोड़ 46 लाख रुपये जमा हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी सविना काफ्ले के पास 190 तोला सोना, चांदी और हीरे के गहने हैं, जिनका स्रोत पैतृक संपत्ति बताया गया है। संपत्ति विवरण में काठमांडू महानगरपालिका-9 में उनकी मां ध्रुवदेवी शाह के नाम पर 5 आना जमीन, धनुषा में 1.2 बीघा और महोत्तरी में उनके पिता रामनारायण शाह के नाम पर 9 बीघा जमीन होने का उल्लेख है। अन्य संपत्तियों में उन्होंने फेसबुक, यूट्यूब और टिकटॉक खातों का भी उल्लेख किया है।

वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले

वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले के पास 12 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। उन्होंने ललितपुर के सानेपा में 2 करोड़ का अपार्टमेंट, भैंसेपाटी में 5 करोड़ की जमीन पर बना घर, काभ्रे के धुलिखेल में 3 करोड़ 75 लाख का अपार्टमेंट और बंदीपुर में 2 करोड़ की जमीन का विवरण दिया है। इसके अलावा सानिमा मिडल तमोर हाइड्रो में 71,093 शेयर, सांग्रिला डेवलपमेंट बैंक में 25,762 प्रमोटर शेयर और अपर मादी खोला हाइड्रो में 3 करोड़ के शेयर होने की जानकारी दी है। इसी तरह नेशनल फंड मैनेजमेंट लिमिटेड में 90 लाख और ठूलो खोला में 60 लाख के शेयर भी उनके पास हैं।

विदेश मंत्री शिशिर खनाल

विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने 22 तोला सोना और 10 लाख नकद होने का विवरण दिया है। उन्होंने तनहुँ के भानु नगरपालिका में पैतृक संपत्ति के रूप में 15 रोपनी जमीन और पूर्वी नवलपुर के देवचुली में 13 रोपनी जमीन खरीदी होने का उल्लेख किया है। इसके अलावा, नेपालगंज में 2 कठ्ठा जमीन और विभिन्न कंपनियों में शेयर होने की जानकारी दी है। इनमें पिक एंड ड्रॉप कंपनी में 33 प्रतिशत, रिक्पा इंटरनेशनल प्रा.लि. में 100 प्रतिशत शेयर, ताजा एग्रो फार्म में 16 प्रतिशत शेयर और बीपीडब्ल्यू माइक्रो फाइनेंस में 2560 शेयर शामिल हैं। साथ ही ओम मेगाश्री फार्मास्युटिकल्स में 5,109 शेयर तथा ग्लोबल आईएमई बैंक में 50 शेयर होने की जानकारी दी गई है। मंत्री खनाल ने पत्नी अच्युता अधिकारी के नाम पर विभिन्न बैंकों में जमा नकद राशि का भी खुलासा किया है। उनके नाम पर 40 लाख रुपये मूल्य की एक गाड़ी भी है।

ऊर्जा मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ

ऊर्जा, जल संसाधन तथा सिंचाई मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ के काठमांडू में दो घर हैं। पिता वीरेन्द्रभक्त श्रेष्ठ के नाम पर काठमांडू महानगरपालिका-24 में 2 आना और विकास श्रेष्ठ के नाम पर काठमांडू-13 में 4 आना जमीन पर बने घर का उल्लेख है। इसके अलावा, उनके पास 15-15 तोला सोना और चांदी है। विभिन्न बैंकों में उनके पास कुल 78 लाख 98 हजार 544 रुपये 33 पैसे नकद जमा हैं। उनके पास 1 करोड़ 45 लाख 48 हजार 420 रुपये मूल्य के 20,978 कित्ता शेयर भी हैं। इसके अलावा, उनके पास लैंड क्रूजर गाड़ी, एक इलेक्ट्रिक कार और एक स्कूटर भी है।

गृह मंत्री सुदन गुरूंग

सार्वजनिक विवरण के अनुसार गृह मंत्री सुदन गुरूंग के पास 4 करोड़ 31 लाख 56 हजार 200 रुपये मूल्य के शेयर हैं। उनके नाम पर होप होल्डिंग्स प्रा.लि. के 30 हजार शेयर (खरीद मूल्य 30 लाख), लगुम प्रीमियम अपार्टमेंट्स प्रा.लि. के 57 हजार शेयर (खरीद मूल्य 57 लाख), शेयर बाजार में कारोबार होने वाले 2 करोड़ 74 लाख 56 हजार 200 रुपये के शेयर और एडवेंचर विला प्रा.लि. के 70 हजार शेयर (खरीद मूल्य 70 लाख) हैं। गृह मंत्री गुरूंग का दावा है कि ये सभी शेयर उन्होंने व्यवसाय और पैतृक संपत्ति से खरीदे हैं। इसके अलावा, उनके पास 89 तोला सोना और 6 किलो चांदी है। नकद राशि के रूप में उनके पास 61 लाख से अधिक रकम है। लक्ष्मी बैंक में 5 लाख 35 हजार 400, नबिल बैंक में 56 लाख 25 हजार 976 और सानिमा बैंक में 1 हजार 574 रुपये जमा हैं।

लगुम प्रीमियम अपार्टमेंट्स प्रा.लि. के नाम पर 47 लाख 99 हजार रुपये की एक गाड़ी पिछले अक्टूबर-नवंबर में खरीदी गई है। इसके अलावा, उनके नाम पर धनकुटा के कार्कीछाप में 19 रोपनी 15 आना जमीन, उनके पिता के नाम पर चितवन के भरतपुर-18 में 30 कट्ठा और दादा रामसल गुरूंग के नाम पर गोरखा के चुमनुब्री में 221 रोपनी जमीन दर्ज है।

भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनिल लम्साल

भौतिक पूर्वाधार, यातायात तथा शहरी विकास मंत्री सुनिल लम्साल के पास पत्नी जमुना लम्साल के नाम पर रूपन्देही में 1 कट्ठा 10 धुर जमीन पर बना घर है। इसी तरह, जमुना लम्साल के नाम पर नवलपरासी के कावासोती में 10 कट्ठा 15 धुर जमीन और बोधराज लम्साल के नाम पर स्याङ्जा में 7 रोपनी तथा 22 रोपनी खेत दर्ज है। लम्साल के पास बैंक में 90 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने 30 तोला सोना और 50 तोला चांदी होने का भी उल्लेख किया है।

कानून मंत्री सोविता गौतम

कानून, न्याय तथा संसदीय मामलों की मंत्री सोविता गौतम के पास काठमांडू और चितवन में दो घर हैं। उनके पति गृहेन्द्र घिमिरे के नाम पर काठमांडू क्षेत्र नं. 3 में और सास कृष्ण देवी के नाम पर चितवन में घर दर्ज है। गौतम ने 5 बैंकों में कुल 10 लाख 50 हजार 335 रुपये जमा होने की जानकारी दी है। उनके पास 15 तोला सोना, 9 तोला चांदी और 1 तोला हीरा भी है। उनके और उनके पति के नाम पर अलग-अलग गाड़ियां हैं—गौतम के नाम पर 26 लाख और उनके पति के नाम पर 95 लाख रुपये की गाड़ी है। इन वाहनों की खरीद के लिए 45 लाख रुपये का ऋण लिया गया और बाकी रकम वेतन तथा पुराने वाहन को बदलकर जुटाई गई। उनके पास एक स्कूटर भी है। इसके अलावा, ग्लोब ट्रॉट हिमालय टुर्स एंड ट्रेक्स प्रा.लि. में उनका 50 प्रतिशत शेयर और सोपान मल्टिपल कंपनी में 6,500 कित्ता शेयर है।

महिला, बालबालिका तथा ज्येष्ठ नागरिक मंत्री सीता वादी

मंत्री सीता वादी ने विवाह के समय 18 तोला सोना और 15 तोला चांदी प्राप्त होने का उल्लेख किया है। प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय द्वारा जारी विवरण के अनुसार, उनके पास एनआईसी और प्रभु बैंक में कुल 15 लाख रुपये जमा हैं। कृषि एवं पशुपालन के तहत उनके पास 20 मुर्गियां और एक कुत्ता है। उन्होंने किसी भी प्रकार का ऋण न होने की जानकारी दी है।

सामान्य प्रशासन मंत्री प्रतिभा रावल

संघीय मामिला तथा सामान्य प्रशासन, भूमि व्यवस्था, सहकारी तथा गरीबी निवारण मंत्री प्रतिभा रावल ने भी अपनी और परिवार की संपत्ति सार्वजनिक की है। उनके नाम पर काठमांडू के बुढानीलकंठ में 70 लाख और बारा में 50 लाख रुपये की जमीन है, जिसका स्रोत उन्होंने अपने पति की आय बताया है। रावल के पास 25 तोला सोना, बैंक में 24 लाख रुपये बचत और 44 लाख रुपये की गाड़ी है। उन्होंने एभरेस्ट बैंक से 20 लाख रुपये का ऋण लिया है।

स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता

स्वास्थ्य, जनसंख्या तथा खानेपानी मंत्री निशा मेहता के पास 30 तोला सोना और 50 तोला चांदी है। उनके पास काठमांडू के सौखेल में 7 आना जमीन, 17 लाख 23 हजार 535 रुपये नकद और 240 कित्ता शेयर हैं। वे 25 लाख रुपये की गाड़ी उपयोग करती हैं।

शिक्षा मंत्री सस्मित पोखरेल

सरकार के प्रवक्ता तथा शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और युवा एवं खेलकूद मंत्री सस्मित पोखरेल और उनके परिवार के नाम पर काठमांडू, मोरंग और ललितपुर में घर-जमीन है। उनके पास 25 तोला सोना, 100 तोला चांदी और बैंक खाते में 4 लाख 47 हजार 994 रुपये जमा हैं। उनके पिता रमेशकुमार पोखरेल समेत परिवार के नाम पर करीब 30 लाख रुपये के शेयर हैं। पिता के नाम पर राष्ट्रीय बचत पत्र में 96 लाख 90 हजार रुपये जमा हैं, जिसका स्रोत नेपाल राष्ट्र बैंक से सेवानिवृत्ति के समय प्राप्त राशि बताया गया है।

माता मीनाक्षी ओझा पोखरेल के नाम पर राष्ट्रीय बचत पत्र में 50 लाख रुपये हैं। मंत्री पोखरेल ने अपने और अपनी माता के नाम पर कुल 75 लाख रुपये का ऋण होने की जानकारी दी है। हिमालयन बैंक में उनके नाम पर 25 लाख और माछापुच्छ्रे बैंक में उनकी माता के नाम पर 50 लाख रुपये का कर्ज है। उनके और उनके पिता के नाम पर दो वाहन भी हैं। संपत्ति विवरण के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 24 करोड़ 16 लाख 27 हजार रुपये है, जबकि 75 लाख रुपये ऋण है।

संचार मंत्री विक्रम तिमिल्सिना

संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विक्रम तिमिल्सिना ने 47 लाख रुपये दूसरों को ऋण दिए हैं। इनमें बलराम लामिछाने को 15 लाख और केशव राय को 33 लाख रुपये ऋण देने का उल्लेख है। उनके खाते में 10 लाख 24 हजार 365 रुपये जमा हैं, जबकि मंजु गैरे के खाते में 10 हजार 21 रुपये हैं। उनके पास 5 तोला सोने के गहने, 10 तोला चांदी और 50 हजार रुपये की मोती माला है। पत्नी मंजु के नाम पर काठमांडू के नागार्जुन में एक घर और अलग से जमीन भी है। इसके अलावा उनके पास 23 लाख रुपये की एक गाड़ी भी है।

कृषि मंत्री गीता चौधरी

कृषि तथा पशुपालन और वन एवं पर्यावरण मंत्री गीता चौधरी के पास 5 तोला सोना और 100 तोला चांदी है। सरकार द्वारा सार्वजनिक विवरण के अनुसार, वर्तमान में उनके पास घर नहीं है, लेकिन उनके नाम पर बर्दिया में 30 लाख रुपये मूल्य की जमीन और रूपन्देही में उनके पति सुनिल चौधरी के नाम पर पैतृक जमीन है। मंत्री चौधरी के विभिन्न बैंक खातों में 1 लाख 26 हजार रुपये जमा हैं। उनके पास विभिन्न कंपनियों के शेयर और 3 लाख 30 हजार रुपये का स्कूटर भी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें मायके से 2 बकरियां और 10 मुर्गियां उपहार में मिली हैं। इसके अलावा उनके पास 65 हजार रुपये का लैपटॉप, 90 हजार रुपये का मोबाइल और 50 हजार रुपये की घड़ी है, जिन्हें उन्होंने अपनी आय से खरीदा है।

उद्योग मंत्री गौरी यादव

उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्री गौरीकुमारी चौधरी के पास काठमांडू महानगरपालिका-9 में तीन मंजिला घर है। इसके अलावा काठमांडू-10 में तीन स्थानों पर 14 आना, 7 आना और 9 आना से अधिक जमीन है। महोत्तरी में भी उनके नाम पर चार स्थानों पर कुल 8 बीघा से अधिक जमीन और एक तालाब है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बाद सबसे अधिक सोना उनके पास है। उनके पास 180 तोला सोना, 2 किलो चांदी और हीरे के गहने हैं।

उनके विभिन्न बैंक खातों में 10 लाख रुपये जमा हैं और उनके पास 3 करोड़ 38 लाख 35 हजार 908 रुपये के शेयर हैं। उन्होंने 1 करोड़ 61 लाख 87 हजार रुपये का ऋण लिया है। उनके पास हुंडई की एक गाड़ी भी है। इसके अलावा उन्होंने बिग मार्ट को जमीन किराये पर दी है, जिससे उन्हें प्रति माह 90 हजार रुपये किराया मिलता है।

श्रम मंत्री रामजी यादव

श्रम, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा मंत्री रामजी यादव के पास सप्तरी के राजविराज नगरपालिका-9 में 11 कट्ठा 13 धुर जमीन है। इसके अलावा राजविराज के विभिन्न स्थानों पर 29 कट्ठा 33 धुर जमीन भी उनके नाम पर है।उन्होंने अपने संपत्ति विवरण में 80 तोला सोना और 150 तोला चांदी होने की जानकारी दी है। उनके पास विभिन्न बैंकों में कुल 70 लाख रुपये नकद जमा हैं। उन्होंने 2 लाख 70 हजार रुपये की एक मोटरसाइकिल भी होने का उल्लेख किया है।