MP

राजेंद्र भारती मामला पूरी तरह न्यायिक, भाजपा का कोई हस्तक्षेप नहीं: हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल, 03 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि यह विषय पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ा है और इसमें किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है।

उन्होंने कहा कि दस्तावेजों में कथित हेरफेर से जुड़े इस प्रकरण में न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निर्णय दिया है, जिसका सम्मान करना सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सदस्यता समाप्ति या उपचुनाव जैसे निर्णय संवैधानिक संस्थाओं—विशेष रूप से विधानसभा और निर्वाचन आयोग—के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। खण्डेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा का इससे कोई संबंध नहीं है।

बारदाना संकट के बावजूद किसानों को मिलेगा समर्थन मूल्य

प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर कहा कि राज्य सरकार उनके हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण बारदाना (बोरी) की कमी से खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हुई है, लेकिन अब जल्द ही समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू की जाएगी। उन्होंने किसानों से धैर्य रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा और सरकार इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

भाजपा में संगठन सर्वोपरि, योग्यता के आधार पर मिलती है जिम्मेदारी

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और संगठित राजनीतिक दल है, जहां संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों, एल्डरमैन और जनभागीदारी संस्थाओं में नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है, जिसे जल्द ही पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और योग्यता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाती है, जिससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।