पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल टूर्नामेंट: खालसा, किरोड़ी मल, गार्गी और स्टनर्स सेमीफ़ाइनल में
नई दिल्ली, 13 अप्रैल । पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट में क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबलों के बाद सेमीफ़ाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पुरुष वर्ग में श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज और किरोड़ी मल कॉलेज ने दमदार जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि महिला वर्ग में गार्गी कॉलेज और स्टनर्स एकेडमी ने सेमीफ़ाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग: खालसा और किरोड़ी मल का शानदार प्रदर्शन
पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में मेज़बान खालसा कॉलेज ने खालसा एलुमनी को 74-66 से हराया। खालसा कॉलेज के खिलाड़ी सार्थक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया। दूसरे मुकाबले में किरोड़ी मल कॉलेज और स्टनर्स एकेडमी के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें किरोड़ी मल कॉलेज ने 100-99 से बेहद करीबी जीत दर्ज की। किरोड़ी मल कॉलेज के दक्ष को शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
महिला वर्ग: गार्गी और स्टनर्स की मजबूत दावेदारी
महिला वर्ग के मुकाबलों में स्टनर्स एकेडमी ने मिरांडा हाउस को 66-56 से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई। स्टनर्स की गुलफ़शा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में गार्गी कॉलेज ने रामजस कॉलेज को 40-39 से एक रोमांचक मुकाबले में हराया। गार्गी कॉलेज की पी. सैनी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया।
सेमीफ़ाइनल मुकाबलों में बढ़ेगा रोमांच
क्वार्टर फ़ाइनल में हुए इन कड़े मुकाबलों के बाद अब सेमीफ़ाइनल में और भी रोमांचक भिड़ंत की उम्मीद है। सभी टीमों का लक्ष्य खिताब जीतकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम करना होगा।

