डीएसबी परिसर में श्रेष्ठ शोधार्थियों का सम्मान, 18 को मिले पुरस्कार
नैनीताल, 02 अप्रैल । कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में गुरुवार को शोध विकास सेल द्वारा वर्ष 2024 के श्रेष्ठ शोधार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि शोध कार्य नवाचार को बढ़ावा देता है तथा ज्ञान के विस्तार के साथ समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही वर्ष 2026 के लिए आंतरिक शोध प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर श्रेणी में राइजिंग स्कॉलर अवार्ड वर्षा बिष्ट, दीक्षा जौहरी, गुरसाहिबा कौर, नीमा बिष्ट तथा कार्तिक ओमना कुट्टन को प्रदान किया गया। फैकल्टी श्रेणी में आउटस्टैंडिंग रिसर्च अवार्ड डॉ. महेश चंद्र आर्य, डॉ. तपन नैलवाल तथा डॉ. कल्पना अग्रहरि को दिया गया, जबकि यंग फैकल्टी श्रेणी में डॉ. पेनी जोशी, डॉ. नंदन मेहरा तथा डॉ. अशोक उप्रेती को, पीएचडी श्रेणी में रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड दिव्या महर, कमल गढ़वाल तथा नितीश सेमवाल को, विभागवार शोध पुरस्कार राकेश जोशी, दीक्षा भट्ट, भावना चौबे और मनजीत सिंह को एवं आउटस्टैंडिंग मेंटर के रूप में डॉ. सुरेंद्र बर्गली, डॉ. मनोज आर्य और डॉ. किरण बरगली को यानी कुल 18 प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किये गये। कार्यक्रम में शोध निदेशक प्रो. नंद गोपाल साहू, परिसर निदेशक डॉ. नीता बोरा तथा अन्य प्राध्यापक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित तिवारी ने किया।

