थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दिल्ली विधानसभा लाल रोशनी से हुई रोशन
थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दिल्ली विधानसभा लाल रोशनी से हुई रोशन
नई दिल्ली, 8 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस 2025 के अवसर पर वैश्विक “ब्रिंग लाइट टू थाल” अभियान के तहत आज शाम दिल्ली विधानसभा को लाल रोशनी में रोशन किया गया। यह प्रतीकात्मक पहल थैलेसीमिया रोगियों के प्रति एकजुटता दर्शाने और इस आनुवंशिक रक्त विकार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार यह आयोजन दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। यह पहल सरकार की स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता और थैलेसीमिया की रोकथाम, देखभाल तथा प्रारंभिक पहचान को बढ़ावा देने के संकल्प को दर्शाती है।
इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय विषय “थैलेसीमिया के लिए साथ मिलकर समुदायों को एकजुट करना, रोगियों को प्राथमिकता देना” के अनुरूप यह अभियान नेशनल थैलेसीमिया वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से चलाया जा रहा है।
दिल्ली विधानसभा इस वैश्विक पहल में शामिल होकर उन कई अंतरराष्ट्रीय स्थलों और संस्थानों की श्रृंखला में शामिल हो गई है, जिन्होंने थैलेसीमिया के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए लाल प्रकाश से रोशन होने का निर्णय लिया है। यह कदम रोगियों के प्रति सहानुभूति, सहयोग और सक्रियता का प्रतीक है।
—————

