श्रीमद् देवी भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ
श्रीमद् देवी भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ
नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। नव सांस्कृतिक सत्संग समिति शेर का डांडा के तत्वावधान में रामलीला मैदान नैनीताल में मंगलवार को कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। भागवत किंकर नमनकृष्ण महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस कलश यात्रा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक रंग्वाली पिछौड़ा व आभूषणों से सुसज्जित होकर सिर पर कलश धारण किए भजन गाती हुई शामिल हुईं। इससे से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने बताया कि कि यहां 14 मई से 22 मई तक प्रतिदिन प्रातः पूजा-अर्चना तथा दोपहर दो बजे से नमनकृष्ण महाराज अपनी टीम के साथ भागवत कथा की अमृतवर्षा करेंगे। कथा के उपरांत शाम आरती तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में कथा श्रवण कर धार्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गयी है। समिति के अध्यक्ष खुशाल सिंह रावत, महासचिव पूरन चंद्र पांडे सहित समस्त सदस्यों ने कथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

