वाराणसी नगर निगम का नया कार्यालय भवन बनेगा,प्रदेश शासन ने पहली किश्त दी
25.46 करोड़ रूपये कार्य के लिए अवमुक्त कर दिया है।
यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी ने मंगलवार काे दी। उन्होंने बताया कि सदन भवन परियोजना का निर्माण ई.पी.सी. मोड पर नियोजन विभाग की ओर से निर्धारित मॉडल आर.एफ.पी. तथा एस. ओ. पी. के आधार पर नामित कार्यदायी संस्था करेंगी। नगर निगम का भवन न होने के कारण पिछले कई वर्षो से सदन की कार्यवाही टाउनहाल स्थित सभागार में किया जा रहा था।
महापौर अशोक कुमार तिवारी के अथक प्रयासाें से नवीन सदन भवन बनने का रास्ता साफ हुआ है। यह नवीन भवन नगर निगम के उत्तरी छोर पर 70 हजार वर्गफीट में बनेगा। इस सदन भवन में 300 पार्षदों की क्षमता का सदन हाल, महापौर कक्ष एवं कार्यालय, पार्षद कक्ष, प्रशासनिक खण्ड, सभी विभागों के लिये अलग-अलग विभागीय खण्ड, डाटा सर्वर सेन्टर, पी.आर. सेन्टर, पावर बैकअप सिस्टम, डी.जी. सेट, सी.सी.टी.वी., स्पीकर, फर्नीचर, लिफ्ट, दिव्यांगजनो के लिए सुविधा, भूमिगत पार्किंग, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, फायर फाईटिंग इत्यादि सभी सुविधाओं से सुसज्जित निर्माण कराया जायेगा। नवीन सदन भवन जिस भूमि एवं भवन पर निर्मित होना है, उस ओर के सभी कार्यालयों को दूसरे भवन में पूर्व में ही स्थानान्तरित किया जा चुका है। महापौर ने बताया कि इस नवीन सदन भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जायेगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि इस भवन की गुणवत्ता मानक के अनुरूप होगी। प्रयास होगा कि शीघ्र ही नगर निगम को नया भवन प्राप्त हो सके।

