वाराणसी: नगर निगम की भूमि पर अवैध इमामबाड़ा निर्माण, एडीएम सिटी ने मांगे दस्तावेज़
कार्यालय के अनुसार सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि निगम की जमीन पर इमामबाड़ा का निर्माण किया गया है। जब निगम अधिकारियों ने कब्जाई गई भूमि की बैरेकेटिंग का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध कर कार्य रुकवा दिया। इसके बाद विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए मामले की सूचना एडीएम (सिटी) को दी गई। एडीएम सिटी ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि विवाद की स्थिति न उत्पन्न होने दी जाए और कब्जेदारों से भूमि स्वामित्व के प्रमाणस्वरूप अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा।
नगर निगम अधिकारियों ने भी संबंधित पक्ष को दस्तावेज़ों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया, लेकिन सोमवार देर शाम तक कोई भी व्यक्ति अभिलेखों के साथ उपस्थित नहीं हुआ। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि नगर निगम के अभिलेखों में स्पष्ट रूप से दर्ज है और यह निगम की स्वामित्व वाली संपत्ति है। अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

