सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता से की प्रदेश में गौशाला बनाने की मांग
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का जन्मदिन मना रहे हैं, लेकिन दिल्ली की सड़कों पर गायें कूड़ा खाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सभी जगहों पर गायों को कूड़े के ढेर में भोजन तलाशते देखा जाता है, जो एक गंभीर समस्या का संकेत है।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील की कि दिल्ली में गौशालाओं का निर्माण किया जाए और इन गायों को वहां स्थानांतरित किया जाए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार करोड़ों रुपये के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, लेकिन गायों के लिए चारे और आश्रय की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही। सरकार को प्रचार और फोटो खिंचवाने से ऊपर उठकर जानवरों के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सरकार गौशालाओं के निर्माण के लिए बजट आवंटित करें और गायों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करे।

