Rajasthan

जयपुर में 22 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक होगा भव्य रामलीला महोत्सव

श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति (रजि.) जयपुर के अध्यक्ष नवनीत मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 22 सितम्बर को गणेश पूजन और नारद मोह लीला से होगी। इसके बाद राम जन्म, अहिल्या उद्धार, ताड़का वध, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर से लेकर लंका विजय और राम राज्याभिषेक तक सभी प्रमुख प्रसंग मंचित होंगे। 25 सितंबर को विशेष आकर्षण रहेगा, जब श्री राम की भव्य बारात प्राचीन श्रीरामचंद्रजी मंदिर, चांदपोल बाजार से निकलेगी और छोटी चौपड़, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, न्यू गेट से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। इस दौरान शहरवासी बारात का स्वागत करेंगे।

2 अक्टूबर को विजयादशमी पर 51 फुट ऊंचे रावण का दहन होगा, जो इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही स्वचालित झांकियां, चित्रकला प्रदर्शनी, मेहंदी कार्यक्रम, रामायण पात्र वेशभूषा प्रतियोगिता तथा नवदुर्गा झांकी भी आयोजित की जाएगी। बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी मेले का हिस्सा होंगे।

इस अवसर पर देशभर से प्रसिद्ध कलाकार मथुरा से आमंत्रित किए गए हैं। प्रतिदिन संत-समाज और विशिष्ट नागरिकों की उपस्थिति से यह आयोजन और भी भव्य बनेगा। समिति के पदाधिकारियों ने प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संस्थाओं से पोस्टर विमोचन कर निमंत्रण भी दिया है।

श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति (रजि.) जयपुर की संरक्षक एवं जयपुर की सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को जीवित करता है बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय परंपराओं से जोड़ने का कार्य करेगा।