Rajasthan

दीनदयाल जी के दिखाए मार्ग पर चल रही भाजपा : शेखावत

जोधपुर, 25 सितंबर । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलते हुए देश के सबसे गरीब तबके को केंद्र में रखते हुए योजनाओं का निर्माण पिछले 11 वर्षों में किया गया। उस साधना पथ पर चलते हुए आज देश में 30 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलकर मध्यम वर्ग का जीवन जीने लगे हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक कुशल संगठक और प्रेरक व्यक्तित्व थे। उन्होंने जनसंघ का एक ऐसा पौधा स्थापित किया और इस मंत्र के साथ में सींचा, जो जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक की यात्रा में आज भी हमारे लिए उतना ही मूल्यवान एवं आदर्श है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ के समय लक्ष्य तय किया था कि हम भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने, विश्व का सर्वश्रेष्ठ शक्ति संपन्न एवं समृद्ध देश बनाने तक काम करेंगे। इसके लिए उन्होंने अंत्योदय और एकात्मवाद का मार्ग बताया था। विकास की पंक्ति में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समृद्ध और सशक्त करके देश के लिए उपयोगी नहीं बनाया जाएगा, तब तक देश इस लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता। पहले जनसंघ और उसके उपरांत भारतीय जनता पार्टी इस आदर्श को लेकर काम कर रही है। उनका लगाया छोटा-सा पौधा आज विशाल वृक्ष और दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है।

भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरफ बढ़ रहा :

शेखावत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जो दर्शन था, उस पर चलते हुए आज यह सिद्ध हो गया है कि अगर देश के ऐसे गरीब लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलते हैं तो वो देश के लिए उत्पादक बनते हैं। जब वो उत्पादक बनते हैं तो देश का सामर्थ्य और समृद्धि बढ़ती है। हम सब देख रहे हैं कि आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरफ बढ़ रहा है।

18 राज्यों में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से भाजपा की सरकार काम कर रही :

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर भाजपा को लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का आशीर्वाद जनता ने दिया है। 18 राज्यों में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से भाजपा की सरकार काम कर रही है। देश में सर्वाधिक सांसद, सर्वाधिक विधायक, सर्वाधिक जिला पंचायतें, सर्वाधिक नगर परिषद, नगर निगम के मेयर, परिषद के चेयरमैन आज भारतीय जनता पार्टी के हैं। हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि तब होगी, जब देश की हर पंचायत तक भाजपा विजय होगी। माइक्रोस्कोप लगाकर देखेंगे तो छोटी से छोटी इकाई में भाजपा का झंडा और परचम फहराता हुआ दिखेगा।

उपाध्याय की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन :

पार्क परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, शहर भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, देहात दक्षिण अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आदमकाद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।