Delhi

जनता का हक लूट रही है हिमाचल की कांग्रेस सरकारः नड्डा

नड्डा ने बुधवार को एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा कि मोदी सरकार जहां जीएसटी बचत उत्सव के माध्यम से लोगों को बड़ी राहत प्रदान कर रही है, तो वहीं हिमाचल प्रदेश की जनविरोधी कांग्रेस सरकार जनता का हक लूटने की मंशा से टैक्स का बोझ बढ़ाकर उनकी जेब पर डांका डालने का कुत्सिक प्रयास कर रही है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं से उबरने की कोशिश कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से, हिमाचल प्रदेश में पुनर्निर्माण को ध्यान में रखते हुए, सीमेंट पर जीएसटी पर राहत दी गई ताकि सीमेंट की कीमतों में 30 रुपये की गिरावट आए। फिर भी, हिमाचल प्रदेश की जनता को इसका लाभ नहीं मिल सका क्योंकि हिमाचल सरकार ने कीमत घटाने के बजाय सीमेंट की कीमत बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार जनता का लाभ लूटने में लग गई है। जब हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे समय में आम जनता को राहत देने की बजाय कांग्रेस सरकार अपने खजाना भरने में लगी है। यह अनैतिक और असंवेदनशील है। नड्डा ने कहा कि दुर्भाग्य से जब हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमेंट पड़ोसी राज्यों में सस्ते दाम पर बिक रहा है तो वही सीमेंट हिमाचल प्रदेश में महंगे दाम पर बेचा जा रहा है। कांग्रेस सरकार इतनी असंवेदनशील है कि उसने सीमेंट के साथ-साथ पानी के बिल पर टैक्स बढ़ा दिया। बिजली बिल भी बढ़ा दिया गया है। मोदी हिमाचल प्रदेश की जनता को राहत देना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार उन्हें परेशान करने का काम कर रही है।

————–