ऋषभ शेट्टी ने सिद्धिविनायक मंदिर में टेका माथा
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ऋषभ शेट्टी को सफेद शर्ट और लुंगी में देखा जा सकता है। उन्होंने अपने बाल और दाढ़ी वैसे ही रखी हुई हैं, जैसे उनके किरदार का लुक ‘कांतारा चैप्टर 1’ में था। ऋषभ नंगे पैर मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद उन्होंने हाथ जोड़कर मीडिया और वहां मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन किया। ‘कांतारा चैप्टर 1’ की सफलता को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और शुरुआती दिनों से ही इसने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ जैसी बड़ी रिलीज से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद, ऋषभ की फिल्म ने दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना ली।
फिल्म ने अब तक कुल 334.94 करोड़ की शानदार कमाई कर ली है और लगातार आगे बढ़ रही है। समीक्षकों से लेकर दर्शकों तक, सभी ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और ऋषभ शेट्टी के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। सिद्धिविनायक में दर्शन के दौरान ऋषभ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह सफलता उनके लिए भगवान का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा, “मैंने यह फिल्म बहुत श्रद्धा और विश्वास के साथ बनाई थी। दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”

