UP

शटलर प्रांजलि शर्मा को राज्यपाल करेंगी सम्मानित, मिलेगा कुलपति स्वर्ण पदक

अहरौरा के कसरहट्टी बाजार निवासी अनिल कुमार शर्मा की पुत्री प्रांजलि शर्मा वर्तमान में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एक शटलर के रूप में प्रांजलि ने अंतरविश्वविद्यालयीय, अंतरमहाविद्यालयीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं (हैदराबाद, विशाखापट्टनम, अलीगढ़, हापुड़, इलाहाबाद, लखनऊ आदि) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते हैं।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की नोएडा स्थित अकादमी तथा चेतन आनंद की हैदराबाद अकादमी से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रांजलि के परिवार की पहचान भी समाजसेवा से जुड़ी रही है। उनके दादा स्वर्गीय मेवालाल विश्वकर्मा ने जीवनकाल में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए “देहदान” किया था। उनके निधन के बाद प्रांजलि की दादी ने भी देहदान कर इस परंपरा को आगे बढ़ाया। प्रांजलि की इस उपलब्धि पर नगरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है।