UP

उड़ीसा से पंजाब जा रही 82 लाख रुपये कीमत के गांजे की खेप झांसी पुलिस ने पकड़ी

झांसी, 18 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के झांसी में मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट और चिरगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की डीसीएम गाड़ी में जा रहे चोकर के नीचे दबे गांजे को भारी मात्रा में बरामद किया। बरामद किये गये गांजे की कीमत करीब 82 लाख रुपए बताई जा रही है।

शनिवार की शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि चिरगांव थाना पुलिस और स्वाट टीम मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान के तहत झांसी-कानपुर राजमार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की डीसीएम गाड़ी को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई तो उसके अंदर रखे गाय के चाेकर के नीचे अलग-अलग पैकेट बने रखे थे। तलाशी लेने पर उसके अंदर गांजा बरामद हुआ। टीम ने गाड़ी के अंदर से करीब दो क्विंटल 976 ग्राम, कीमत 82 लाख का गांजा बरामद किया। पुलिस ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम पंजाब के लुधियाना ताजपुर निवासी इलियास खान बताया। उसने पुलिस को बताया कि यह गांजे की खेप को वह उड़ीसा से पंजाब ले जा रहा था। पुलिस ने इलियास के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।