राजगढ़ःपेयजल समस्या से जूझ रहे किसानों ने किया हाइवे जाम
दरअसल, नल-जल योजना के तहत जल आपूर्ति बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने हाइवे पर लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन किया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर लेटकर व महिलाओं ने मटके-बाल्टी लेकर प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में दो पानी की टंकियां बनाई गई हैं, इसके बाद भी पिछले तीन सप्ताह से ग्रामवासियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस समस्या से अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की गई। सूचना मिलने पर देहात ब्यावरा थानाप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा और सरपंच राधेश्याम दांगी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने भरोसा दिलाया कि शुक्रवार से जल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीण माने और हाइवे से हटे।

