Himachal Pradesh

प्रदेश में दिसंबर में आयोजित होंगी तीन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं : राेहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने इस दौरान आगामी दिसंबर माह में हिमाचल प्रदेश में तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की घोषणा की। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें अंडर-14 छात्र वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता, अंडर-19 छात्र वर्ग की हेंडबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए सरकार ने 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 12 जिलों और एक खेल छात्रावास से कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी विशेष महत्व है। खेलों से बच्चों का शारीरिक विकास होता है और प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा होती है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये करना और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना शामिल है।

मंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को लेकर गंभीर है और प्रदेश में 9 खेल छात्रावासों की स्थापना की है, जहां खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल छात्रावास को विशेष तौर पर उल्लेखनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि यह छात्रावास प्रदेश का सबसे बड़ा खेल छात्रावास बनकर उभर रहा है। इस छात्रावास में वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा, 2 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से छात्रावास के नए भवन का निर्माण किया गया है।

मंत्री ने बताया कि जुब्बल में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। डकैढ़ गाँव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान बनाने का कार्य जारी है, जो इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संस्थान बनेगा। इसके अलावा, आईटीआई जुब्बल के नए भवन को नवम्बर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।