पिकअप की टक्कर से दो स्कूली छात्रों की मौत, एक अन्य गंभीर घायल
लोहावट डीएसपी संग्रामसिंह ने बताया कि सेतरावा उपखंड के विरमदेवगढ़ निवासी सुनील (15) पुत्र खीयाराम मेघवाल, नागेश (17) पुत्र चैनाराम मेघवाल और भोमेश उर्फ भोमाराम (17) पुत्र चूनाराम मेघवाल घर से सेतरावा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में पढऩे के लिए सुबह करीब 9.15 बजे निकले थे।
घर से दो किलोमीटर दूर और स्कूल से एक किलोमीटर पहले खेतनगर गांव में फलोदी पचपदरा स्टेट हाईवे पर सामने सोलंकियातला की ओर से आ रही पिकअप ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील और नागेश की मौत हो गई। वहीं भोमेश गंभीर घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। साथ ही बच्चों के परिजनों को बुलाया। सूचना पर डीएसपी स्वयं, देचू एसडीएम भंवरलाल के अलावा सेतरावा और देचू पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों को तुरंत सेतरावा हॉस्पिटल ले गए। यहां से घायल को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल जोधपुर रेफर किया गया।
सुनील 9वीं और नागेश 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। भोमेश भी 11वीं कक्षा का स्टूडेंट है। नागेश, सुनील, भोमेश तीनों एक ही परिवार से है। सुनील और भोमेश परिवार में चचेरे भाई है। वहीं नागेश दोनों का चाचा लगता है। सुनील के अलावा तीन भाई और एक बहन और है। एक छोटे भाई की 2017 में जोधपुर में सडक़ हादसे में मौत हो गई थी। पिता पत्थर की खान में मजदूरी करते हैं। नागेश की मां की मौत हो चुकी है। वह अकेला बेटा था। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। दूसरी शादी से दो बेटे और एक बेटी है। नागेश के पिता भी खान में मजदूरी करते हैं। भोमेश के दो भाई और है। एक भाई की ब्लड कैंसर से 5 साल पहले मौत हो चुकी है। भोमेश के पिता भी खान में मजदूरी करते हैं।
इधर परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे को लेकर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करने और मुआवजा देने की मांग की। करीब 15 मिनट तक परिजनों की पुलिस और प्रशासन से बातचीत हुई। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए। सेतरावा के पास लोड़ता निवासी पिकअप ड्राइवर सुनील को पुलिस ने पकड़ लिया है। पिकअप ड्राइवर आसपास के गांवों से दूध इकट्ठा कर देचू और सेतरावा कस्बे में दुकानदारों को बेचता था। ड्राइवर आज दूध इकट्ठा कर दुकानों पर देने जा रहा था, तभी ये हादसा हो गया।

