UP

ट्रक ने आंध्र प्रदेश के दर्शनार्थियों से भरी ट्रैवलर काे मारी टक्कर , दर्जन भर घायल

घायलाें का जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

जौनपुर , 30 अक्टूबर । लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीहीपुर के पास एक सड़क दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के 11 श्रद्धालु घायल हो गए। श्रद्धालुओं को ले जा रहे फोर्स ट्रैवलर वाहन को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि सफेद रंग का फोर्स ट्रैवलर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। घायलों को तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ, अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ लक्ष्मी सिंह ने मौके पर पहुंच कर घायलों का हाल जाना।

सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह वाराणसी सुल्तानपुर में यह घटना हुई है यह सभी आंध्र प्रदेश के निवासी हैं यह वाराणसी से अयोध्या दर्शन करने जा रहे थे। इसमें 11 लोग घायल हैं जिन्हें एडमिट कराया गया है दो लोगों को वाराणसी रेफर किया गया है शेष का इलाज चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों में ट्रैवलर चालक मीरजापुर जिले के अदलहाट थाना के मूसेपुर गांव निवासी निरंजन यादव, दर्शनार्थी भोगीलक्ष्मी, वी.कल्पते, डी वाधावंश रानी, एन. जयलक्ष्मी, जय किशोर, साक्षी निरंजन, डी. हेमलता, ऊषा रानी, राम लिंगेश्वर व पी. सत्यवती हैं। उन्हाेंने बताया कि चालक ट्रक लेकर फरार हाे गया है और उसकी तलाश की जा रही है।