Rajasthan

जन्मते ही मासूम को मौत के हवाले किया, गोबर संग पानी में तैरता मिला नवजात का शव

ग्रामीण देबी सिंह दरोगा सुबह पानी सप्लाई शुरू करने पहुंचे तो उन्होंने पास ही पानी में कुछ दिखाई दिया। करीब जाकर देखा तो नवजात बच्चे का शव तैर रहा था। उन्होंने तुरंत गांव के लोगों और कोटड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई कैलाश चंद्र प्रजापत जाब्ता लेकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि यह लगभग 8 से 9 महीने का नवजात बालक था और शव करीब 5 से 7 दिन पुराना लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चे को जन्म के बाद गोबर की रोड़ी में फेंका गया, जो बहकर यहां पहुंच गया। पुलिस ने शव को कोटड़ी अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम करवाया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आखिर कोई मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है कि अपने ही जिगर के टुकड़े को इस तरह मौत के हवाले कर दे। मौके पर मौजूद कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं।

पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में नवजात जन्म और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।