Haryana

गुरुग्राम: वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने फूंका चुनाव आयोग का पुतला

गुरुग्राम, 6 नवंबर । हरियाणा विधानसभा चुनाव में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने गुरुवार को बादशाहपुर विधानसभा में प्रदर्शन करते हुए वाटिका चौक पर चुनाव आयोग का पुतला फूंका। इस अवसर पर कांगे्रस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाए कि भाजपा के साथ मिलकर चुनाव आयोग देश के लोकतंत्र की हत्या करने में शामिल है।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग की पुतला दहन से पूर्व अपने संबोधन में कहा कि चुनाव आयोग अपने संवैधानिक दायित्वों का पालन करने की बजाय, भाजपा के एजेंट के रुप में कार्य कर रहा है। चुनाव आयोग का गठन देश के प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, आसान व निष्पक्ष बनाने के लिए हुआ था, लेकिन आज चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी को निभाने की बजाय भाजपा का सहारा बनकर रह गया है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग को जनता के मतदान अधिकार की रक्षा करनी थी, लेकिन भाजपा के इशारों पर आयोग काम कर रहा है। भाजपा के पक्ष में वोट बढ़ाने और विपक्षी मतदाताओं के वोट काटने का काम किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी के कारण भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा संविधान व लोकतंत्र को कुचलने में लगी हुई है, जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं बादशाहपुर से प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा ने 74062 चोरी कर बादशाहपुर विधानसभा जीती है। भाजपा ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश की चलती हुई सरकार को चुरा ली थी। इस सब में चुनाव आयोग पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में है, जो लोकतंत्र व देश के संविधान के लिए पूरी तरह से खतरा है। एक ही फोटो की 10 बूथ पर 223 फर्जी वोट का होना, एक ही घर में 501 वोट बना दिए गए। चुनाव आयोग को राहुल गांधी के आरोप का जवाब देना चाहिए। चुनाव आयोग की मनमानी और वोट चोरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि भाजपा व चुनाव आयोग की मिलीभगत की पोल खोलने का मामला अब थमने वाला नहीं है। कांग्रेस इस मामले को जनता के बीच लेकर जाएगी। जनता को भाजपा की करतूतों से अवगत कराया जाएगा। यह आंदोलन हर उस नागरिक की आवाज़ है जो लोकतंत्र में आस्था रखता है।