Himachal Pradesh

वंदे मातरम् हमारी राष्ट्रीय आत्मा का प्रतीक: अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाधीनता और आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त करने में वंदे मातरम् का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा, “वंदे भारत सिर्फ हमारा राष्ट्रगीत नहीं बल्कि जीते-जागते राष्ट्र की आत्मा है। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अनगिनत राष्ट्रनायकों को प्रेरित किया और आज भी यह हमारे कर्म, संकल्प और आत्मबल का मंत्र बना हुआ है।”

उन्होंने कहा कि जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प की ओर बढ़ रहा है, तब वंदे मातरम् का संदेश हमें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस अवसर को केवल इतिहास को याद करने का नहीं बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संकल्प को दोहराने का दिन बताया।

कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि वंदे मातरम् एक गीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के हृदय में बहने वाली वह भावना है जो हमें अपनी मातृभूमि की माटी, उसकी सुगंध और अस्मिता से जोड़ती है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रगीत के सम्मान में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया है, जो राष्ट्रनायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे 7 नवंबर से 26 नवंबर तक देशभर में आयोजित वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रमों में भाग लेकर राष्ट्र और राष्ट्रगीत के प्रति अपना सम्मान और समर्पण व्यक्त करें।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह 150वां वर्षगांठ समारोह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि भारत की आत्मा, स्वाभिमान और एकात्मता का उत्सव है, जो हमें गर्व और प्रेरणा दोनों देता है।