पेपर कटर से जानलेवा हमला कर हत्या का प्रयास, दो आरोपित गिरफ्तार
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने शनिवार को बताया कि गुरुवार देर रात करीब 1.36 बजे 33 फुटा रोड, कबीर नगर में दो दोस्तों पर धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली।
पुलिस क्राइम व फॉरेंसिक टीम समेत तत्काल मौके पर पहुंची। तब तक घायलों को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया जा चुका था। छानबीन में पता चला कि गुरुवार रात करीब 11.30 बजे पीड़ित 30 वर्षीय शाजेब और उसके दोस्त 27 वर्षीय शैद का आरोपियों से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान आरोपितों ने इन पर धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकि टीम व स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस ने दोनों संदिग्ध आरोपितों की पहचान के बाद उनको इलाके से दबोच लिया गया। उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद कर लिया गया। पहचान की पुष्टि के बाद आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उनकी पुरानी दुश्मनी थी जिसके कारण उनके ऊपर जानलेवा हमला किया था।

