Haryana

सनातन एकता पदयात्रा’ आज सीकरी से पलवल में करेगी प्रवेश

पलवल, 9 नवंबर । सनातन संस्कृति, एकता और सद्भावना का संदेश लेकर निकली ‘सनातन एकता पदयात्रा’ आज सीकरी से पलवल की सीमा में प्रवेश करेगी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में यह यात्रा दिल्ली से मथुरा-वृंदावन तक जा रही है। जिला पलवल में यात्रा का 10 से 13 नवंबर तक ठहराव रहेगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने रविवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदयात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जाए तथा पेयजल, बिजली, चिकित्सा, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अस्थाई शौचालय जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहराव स्थलों पर पर्याप्त जलपान और विश्राम व्यवस्था भी रहेगी।

उपायुक्त ने कहा कि पदयात्रा के दौरान मांस और मदिरा की सभी दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरा आयोजन आपसी समन्वय और सौहार्द के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हो। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ममता खरब को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि 10 से 13 नवंबर तक जिले के मुख्य मार्गों पर अस्थायी यातायात परिवर्तन लागू रहेगा। भारी वाहनों को एनएच-19 से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा और यात्रा मार्ग पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या यातायात हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार, एसडीएम बलीना, सीटीएम अप्रतिम सिंह, एमडी शुगर मिल द्विजा, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। यात्रा प्रभारी धीरेन्द्र, पलवल प्रभारी राजेन्द्र, कुशाग्र शर्मा व अमन भारद्वाज भी इस दौरान उपस्थित रहे।