Haryana

सिरसा: युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी: रणबीर गंगवा

उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रदेश के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति, विज्ञान और साहित्यिक प्रतिभा को प्रस्तुत करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रहा है। इस विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता और अनुशासन से भविष्य के भारत के निर्माता बनेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा का अपना महत्व है परंतु उससे ज्यादा जरूरी है कि विद्यार्थियों के अंदर सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना विकसित करे इस महान राष्ट्र में एक बेहतर समाज का निर्माण युवाओं को ही करना होगा।

सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि युवा महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संवाद कौशल और जीवन मूल्यों के विकास का उत्सव है। उन्होंने कहा कि सीडीएलयू विद्यार्थियों को ऐसे अवसर प्रदान कर रहा है, जहां वे अपनी पहचान स्वयं बना सकें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। युवा महोत्सव के अवसर पर हरियाणवी संगीत जगत के मशहूर कलाकार गजेन्द्र फोगाट ने अपने धमाकेदार गीतों और जोश से भरी प्रस्तुति से मंच पर समा बांध दिया। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा हॉल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। फोगाट ने अपना पहला गीत शहीद ए आजम भगत सिंह को याद करते हुए गाया इसके बाद एक के बाद एक अपने हिट गीतों की झड़ी लगाई, जिस पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और दर्शकों ने झूमकर नृत्य किया और खूब तालियां बजाईं।

महोत्सव के विश्वविद्यालय परिसर में रंग- बिरंगी सांस्कृतिक झांकी और भव्य प्रोसेशन (शोभायात्रा) निकाली गई, जिसमें विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में प्रदेश की लोक संस्कृति और एकता का संदेश दिया। इस शोभा यात्रा में प्रथम स्थान पर शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज सिरसा, दूसरे स्थान पर एम एम कॉलेज फतेहाबाद, तीसरे स्थान पर यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट सीडीएलयू सिरसा रहा। पहले दिन विभिन्न मंचों पर अनेक सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दिनभर चले कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय और विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने मंचों पर अपनी प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।