श्योपुर: तालाब से पानी निकासी के विवाद को लेकर रन्नौद गांव में खूनी संघर्ष
देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले रन्नौद गांव में हुए विवाद में पहले पक्ष के फरियादी विकास नायक ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वह लक्ष्मण मीणा के घर के पास खड़े थे, तभी मायाराम, नरेश और रामसिंह मीणा ने तालाब का पानी खेत से नाले में निकालने की बात पर गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
इस हमले में विकास नायक, उनकी मां अनोखीबाई, बहन रचना, चाचा सत्यनारायण और ताऊ घनश्याम नायक घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के फरियादी रामसिंह मीणा ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सुबह हुई कहासुनी के बाद करीब 7ः30 बजे घनश्याम नायक, काडू नायक, बलराम नायक और भरोष नायक उनके बाड़े में घुस आए। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें रामसिंह, उनके बेटे नरेश, भाभी काडीबाई और भतीजा मायाराम घायल हो गए। घायलों को सिर, हाथ और कंधों पर चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आधार पर क्रास मामला दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/मोहनदत्त शर्मा

