सोनीपत: भाजपा ने वोट चोरी करके बनाई है सरकार: भूपेंद्र हुड्डा
ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोटों की गणना में धांधली कर सरकार बनाई है। उन्होंने कहा
कि चुनाव के बाद कई दिनों तक मतदान प्रतिशत बढ़ता रहा, जिससे जनादेश की चोरी स्पष्ट होती
है। एक-एक महिला के नाम पर कई वोट बनाए गए और लाखों फर्जी वोट जोड़कर लोकतंत्र की मूल
भावना को चोट पहुंचाई गई। हुड्डा ने सवाल उठाया कि यदि चुनाव आयोग पर लगे आरोपों में
दम नहीं है, तो उनके बचाव में भाजपा नेता क्यों उतर रहे हैं।
सोमवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने अभिनेता धर्मेंद्र
के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरल स्वभाव के महान कलाकार थे और उनके जाने
से फिल्म जगत को भारी क्षति हुई है। इस दौरान उन्होंने देश के नए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत
को बधाई भी दी और कहा कि हरियाणा के लिए यह गर्व का विषय है।
हरियाणा में एसआईआर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा
ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता
और ब्लॉक स्तर के एजेंट सतर्क रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता अब चुनावी धांधली
को समझ चुकी है और इसके खिलाफ खुलकर आवाज उठा रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हालात बदतर हो गए हैं। इंडियन न्याय रिपोर्ट में सरकार
की नाकामी उजागर हुई है। पुलिस विभाग में हजारों पद खाली पड़े होने के कारण कार्यरत
कर्मचारी अत्याधिक दबाव में हैं, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है।

