Rajasthan

उत्तरी हवाओं से गिरा पारा, फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 2.9

मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा सीकर का न्यूनतम तापमान 4, लूणकरणसर का 4.5, नागौर का 5.2, चूरू का 5.6, अलवर का 6.5, पिलानी का 7, करौली का 7.2, श्रीगंगानगर का 8.7 और वनस्थली का 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। 29.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 17.4 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात सबसे गर्म रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। विशेष कर 27 नवंबर को जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 28 नवंबर को इस सिस्टम के असर से अजमेर, जयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। शेष अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। जयपुर में बढ़ी सर्दी, पारे में एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट उत्तरी हवाओं के असर से जयपुर में सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। जयपुर के पारे में 1 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के दिन के पारे में 1.4 और रात के पारे में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया।