Himachal Pradesh

जे.पी. नड्डा का शिमला आगमन पर स्वागत, भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का करेंगे शिलान्यास

नड्डा चंडीगढ़ से शिमला सड़क मार्ग से पहुंचे, जिसे कार्यकर्ताओं ने उनके सरल स्वभाव और जनसंपर्क आधारित नेतृत्व का उदाहरण बताया। उनके आगमन को लेकर प्रदेशभर में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और भाजपा इसे संगठनात्मक मजबूती का बड़ा अवसर मान रही है।

कल शनिवार सुबह 10 बजे एयरपोर्ट रोड पर भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास नड्डा स्वयं करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे पीटरहॉफ में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बिहार में भाजपा की बड़ी जीत के बाद उनका यह पहला हिमाचल दौरा है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। हजारों कार्यकर्ताओं के पीटरहॉफ पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का दायित्व शिलान्यास स्थल पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा और पीटरहॉफ में प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल संभाल रहे हैं।

प्रदेश भाजपा का कहना है कि यह दौरा नड्डा के नेतृत्व पर संगठन की आस्था का बड़ा प्रतीक बनेगा। पार्टी इसे एकजुटता और नई ऊर्जा का संदेश देने वाला आयोजन मान रही है।

नड्डा ने ली भाजपा विधायक दल की बैठक

शिमला प्रवास के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में भी हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन और महामंत्री संगठन सिद्धार्थन भी मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया और संगठन की गतिविधियों का पूरा ब्यौरा राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आपदा के दौरान भाजपा के राहत कार्यों, ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान और आत्मनिर्भर भारत को लेकर पार्टी की योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

इसके अलावा आगामी महीनों में होने वाले कार्यक्रमों, संगठन की मजबूती और राजनीतिक रणनीतियों पर भी गहन चर्चा हुई।