अशोकनगर: मुक्तिधाम भूमि विवाद में पार्षद से मारपीट
पार्षद हरिओम कुशवाह का कहना है कि उनके द्वारा वार्ड क्रमांक 9 पिपरोल में मुक्तिधाम निर्माण के लिए नगर परिषद शाढ़ौरा से भूमि चिन्हित करने के लिए आवेदन किया था। जिसमें पटवारी द्वारा मुक्तिधाम निर्माण के लिए सर्वे क्रमांक 188/4- 0.105 का रकबा पटवारी द्वारा चिन्हित किया गया था। कुछ समय पहले दुर्घटना में गोदा कुशवाह की पत्नी वैजयन्ती बाई की मृत्यु हुई थी। जिनका दाह संस्कार मुक्तिधाम की चिन्हित जमीन पिपरोल में परिवार वालों द्वारा किया गया था। उक्त आशय को लेकर संजीव रघुवंशी ने पार्षद हरिओम कुशवाह से कहा कि तुमने हमारी जमीन पर लाश क्यों जलवाई। जिसमें हरिओम पार्षद ने बताया कि मैंने नहीं जलवाई उनके परिवार वालों ने मुक्तिधाम वाली जमीन में जलाई है। इसी बात को लेकर आरोपित संजीव गाली देने लगा और जब मना किया तो उसके द्वारा अपने अन्य साथियाें छुट्टी लाल रघुवंशी, दीपक रघुवंशी, मोनू रघुवंशी को बुला कर पार्षद की लात घूसों से पिटाई कर दी गई। पार्षद का कहना है कि उनकी गर्दन और पीठ पर चोट आईं है। मामले को लेकर पार्षद की शिकायत के आधार पर चारों आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।

