क्रिसमस से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 17 हजार किलो मैदा सीज
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अपूर्व श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने मैसर्स तेजस फूड्स प्रा. लि. पर छापामार कार्रवाई करते हुए नौ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। इनमें रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, सोया आटा, आटा, मैदा, ब्रेड इम्प्रूवर, कैल्शियम प्रोपियोनेट, एनर्जी बूस्ट/ग्लूटिन और टूटी-फूटी कैंडी शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलो गेहूं का आटा और 17,190 किलो मैदा जब्त कर सीज किया गया। जब्त खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में पैकेजिंग और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन पाया गया है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी की शिकायतें बढ़ जाती हैं। आमजन को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

