UP

प्रतापगढ़: गौशाला में अव्यवस्था मिलने पर डीएम अधिकारियों पर भड़के

प्रतापगढ़, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार के कड़ाके की सर्दी के बीच जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने रंजीतपुर चिलबिला स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, देखभाल एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

डीएम ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, गोवंशों के रख-रखाव, सर्दी से बचाव के लिए किए गए प्रबंध, चारे-पानी की उपलब्धता तथा बीमार पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। गौशाला में मौजूद गोवंशों को दिए जा रहे चारे की गुणवत्ता की स्वयं जांच की और संबंधित कर्मियों से चारा भंडारण व वितरण की जानकारी प्राप्त की। निर्देश दिया कि सभी गोवंशों को समय पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

निरीक्षण के दौरान गौवंश उपचार कक्ष में बीमार गोवंशों की स्थिति की जानकारी लेने के दौरान पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि उपचाराधीन सभी गोवंशों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। आवश्यक दवाइयों और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि बीमार पशु शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य अवस्था में आ सकें।