जींद : मदद के नाम पर यात्रियों के गहने चुराने वाले तीन गिरफ्तार
जींद, 30 दिसंबर । मदद के बहाने बस अड्डे पर यात्रियों के गहनों की चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को सीआईए स्टाफ सफीदों ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर तीन लाख 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
मंगलवार को जानकारी देते हुए सफीदों के डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि गांव चांग भिवानी निवासी रमेश ने 23 नवंबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह से लौटते समय बस में सफीदों बस अड्डे से गोहाना जा रहा था। बस में चढ़ते समय कुछ युवकों ने सहायता के बहाने उसका बैग व अटैची को ले लिया और उपर रख दिया। आरोपितों ने भीड़ का फायदा उठा कर अटैची से सोने के कीमती गहने चोरी कर लिए। रमेश की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो गोहाना निवासी सन्नी, सुनील, गांव संडील निवासी हरकेश का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर तीन लाख 70 हजार रुपये बरामद किए हंै। आरोपितो ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने गहने बेच कर राशि को बांट लिया था। पुलिस ने आरोपित सुनील की निशानदेही पर एक लाख 15 हजार, सन्नी से एक लाख 35 हजार, हरकेश से एक लाख 20 हजार रुपये बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी है।

