Haryana

नूंह में घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित, किसानों को मिला लाभ

नूंह, 31 दिसंबर । नूंह जिले में इन दिनों घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। बुधवार को भी सुबह के समय कोहरे की चादर इतनी घनी नजर आ रही है कि कुछ ही दूरी पर मौजूद वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं। इसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कोहरे के चलते लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और लोग अनावश्यक यात्रा से बचते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और बाजारों में आवाजाही पर कोहरे का असर साफ नजर आ रहा है। ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड व कोहरे के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है।

घना कोहरा किसानों के लिए राहत लेकर आया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कोहरा और नमी सरसों और गेहूं की फसलों के लिए लाभकारी मानी जाती है। इससे खेतों में नमी बनी रहती है, जो फसलों की बेहतर बढ़वार में सहायक होती है। किसान इस मौसम को फसलों के लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं।