UP

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को नई रफ्तार देगा ‘निवेश मित्र 3.0’

लखनऊ, 31 दिसम्बर । उत्तर प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार एक और बड़ी डिजिटल पहल करने जा रही है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं निवेशक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम ‘निवेश मित्र 3.0’ विकसित किया जा रहा है, जिसका शुभारम्भ वर्ष 2026 में प्रस्तावित है।

राज्य सरकार की निवेश नोडल एजेंसी इन्वेस्ट यूपी इस प्रणाली को अंतिम रूप दे रही है। इसके माध्यम से निवेशकों को एकीकृत, सहज और अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार डिजिटल गवर्नेंस को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। निवेश मित्र 3.0’ निवेशकों को पारदर्शी समयबद्ध और जवाबदेह प्रणाली उपलब्ध कराएगा। यह प्लेटफॉर्म राष्ट्रीय सिंगल विंडो सिस्टम से पूरी तरह जुड़ा होगा, जिससे निवेशकों को सभी आवश्यक स्वीकृतियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। उन्होंने आगे कहा कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और एआई आधारित स्मार्ट सिस्टम के माध्यम से निवेश प्रक्रियाओं की रीयल-टाइम निगरानी संभव होगी। इससे न केवल निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान भी मिलेगी।

‘निवेश मित्र 3.0’ को राष्ट्रीय सिंगल विंडो सिस्टम (एनएसडब्ल्यूएस) से जोड़ा जाएगा, जिससे केंद्र और राज्य स्तर की सभी अनुमतियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

एआई आधारित स्मार्ट डैशबोर्ड के जरिए निवेश प्रस्तावों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग और विभागीय प्रदर्शन का विश्लेषण किया जा सकेगा। वहीं निवेशकों को आवेदन की स्थिति से जुड़ी हर जानकारी व्हाट्सएप, ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी।

सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि ‘निवेश मित्र 3.0’ उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।