Haryana

सिरसा: युवक की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

सिरसा, 03 जनवरी । सिरसा जिले के गांव सालमखेड़ा क्षेत्र में युवक की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रंजिशन गुरमेल उर्फ लक्खा सिंह की बीती 28 दिसम्बर को कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे।

सीआईए डबवाली प्रभारी राजपाल ने बताया कि आरोपी की पहचान हैप्पी सिंह पुत्र साधु सिंह निवासी सालमखेड़ा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हरमेल सिंह पुत्र रामकृष्ण निवासी देसूजोधा जिला सिरसा ने शिकायत में बताया कि 28 दिसंबर को रात उन्हें सूचना मिली कि उसके भाई गुरमेल सिंह उर्फ लक्खा सिंह का सालमखेड़ा में झगड़ा हो गया है। जब वह औढ़ा पहुंचे तो उसे पता चला कि ईआरवी स्टाफ ने उसे सिविल अस्पताल औढ़ा में भर्ती करवाया है। आरोपियों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला कर उसके भाई गुरमेल उर्फ लक्खा को घायल कर दिया।

गुरमेल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा लाया गया। हालत गंंभीर होने पर गुरमेल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ थाना औढां में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। डबवाली की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने एक विशेष टीम का गठन कर जांच सौंपी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। सीआईए स्टाफ डबवाली ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हैप्पी सिंह को काबू कर लिया गया। आरोपी वारदात के बाद लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।