Uttarakhand

खरसाली गांव में आधी रात को एक घर में लगी आग, मची चीख पुकार

उत्तरकाशी, 11 जनवरी । मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव में रविवार आधी रात एक आवासीय भवन में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।इस घटना में कई परिवारों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार आधी रात को सुनील लाल पुत्र झुनुलाल के रसोईघर में आग लग गई। देखते ही देखते रसोईघर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर रमकलाल पुत्र झुनुलाल की दुपहिया वाहन (स्कूटी) भी पूरी तरह जल गई।

अग्निकांड में गांव निवासी नवीन कुमार पुत्र सुरभी लाल की मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा अन्य कारीगरों के औजार भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।