मन की बात देश को सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रेरित करता है : राजेश अग्रवाल
कानपुर, 25 जनवरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश को सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के माध्यम से पीएम आम जनमानस से सीधे संवाद कर समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं। यह बातें रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 130वें संस्करण को कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बूथ समितियों द्वारा उत्साहपूर्वक बूथों पर सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कैंट विधानसभा के बूथ संख्या 102 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया सहित बूथ समिति के सदस्यों के साथ सुना।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्र को दिशा देने वाला संवाद है। प्रधानमंत्री जी द्वारा समाज, संस्कृति, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर दिए गए विचार देशवासियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन विचारों को आत्मसात कर संगठन और समाज के लिए कार्य करें।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी एवं मन की बात अभियान के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी ने बताया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों के प्रत्येक बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और यह कार्यक्रम संगठनात्मक दृष्टि से भी अत्यंत सफल रहा।

